देवारीभाट केंद्र में धान खरीदी का शुभारंभ, पांच किसानों ने बेचा 161.20 क्विंटल धान
जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह और कलेक्टर ने किसानों का तिलक लगाकर किया स्वागत, जिले के 72 केंद्रों में शुरू हुई खरीदी

खैरागढ़। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत 15 नवंबर को हुई। देवारीभाट धान उपार्जन केंद्र में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह एवं कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान किसानों का तिलक लगाकर, पुष्पमाला पहनाकर और मिठाई खिलाकर स्वागत किया गया। पहले दिन केंद्र में पांच किसानों ने कुल 161.20 क्विंटल धान का विक्रय किया।
समिति प्रबंधक महेंद्र साहू के अनुसार देवारीभाट केंद्र में 734 किसान पंजीकृत हैं तथा इस वर्ष 45,202 क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य रखा गया है। शुभारंभ अवसर पर जनपद पंचायत उपाध्यक्ष लखन लाल साहू सहित जनप्रतिनिधि एवं किसान उपस्थित रहे।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि किसानों की समृद्धि से गांवों की खुशहाली जुड़ी है। सरकार समर्थन मूल्य पर धान खरीदी और कृषक उन्नति योजना के माध्यम से किसानों को आर्थिक संबल प्रदान कर रही है।
वहीं कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने अधिकारियों को टोकन के अनुसार खरीदी, सही तौल और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों से धान अच्छी तरह सुखाकर निर्धारित गुणवत्ता के अनुरूप केंद्रों में लाने की अपील की।
कलेक्टर ने बताया कि जिले के सभी 72 धान उपार्जन केंद्रों में खरीदी की व्यवस्था की गई है। पहले दिन 328 किसानों से 15,126.60 क्विंटल धान खरीदी प्रस्तावित है। अवैध धान परिवहन पर रोक लगाने के लिए जिले में 13 चेक पोस्ट भी बनाए गए हैं। राज्य सरकार द्वारा कृषक उन्नति योजना के तहत धान उत्पादक किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता देने का निर्णय लिया गया है।





