UDISE+ में लापरवाही पर DPI सख्त

30 सितंबर तक 100% विद्यार्थी प्रोफाइल एंट्री अनिवार्य, पूर्णता प्रमाण पत्र भी देना होगा
नवा रायपुर, 24 सितंबर 2026।
छत्तीसगढ़ में UDISE+ पोर्टल पर विद्यार्थियों की प्रोफाइल एंट्री के कार्य में हो रही देरी और लापरवाही को लेकर लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने सख्त रुख अपनाया है। संचालनालय ने सभी संभागीय संयुक्त संचालकों एवं जिला शिक्षा अधिकारियों को अंतिम स्मरण पत्र जारी करते हुए 30 सितंबर 2026 तक लंबित विद्यार्थी प्रोफाइल प्रविष्टियों को शत-प्रतिशत पूर्ण कराने का निर्देश दिया है।
पहले भी जारी हो चुके हैं निर्देश
संचालनालय के अनुसार UDISE+ पोर्टल पर विद्यार्थी प्रोफाइल एंट्री पूर्ण करने तथा कार्यपूर्णता प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने के संबंध में पूर्व में भी 3 अगस्त 2026 एवं 9 सितंबर 2026 को निर्देश जारी किए जा चुके हैं। इसके बावजूद कई जिलों से अभी तक कार्य पूर्ण होने की सूचना एवं पूर्णता प्रमाण पत्र संचालनालय को प्राप्त नहीं हुआ है।
शासकीय के साथ निजी विद्यालय भी दायरे में
अंतिम निर्देश में संभाग एवं जिले के अंतर्गत संचालित समस्त शासकीय, अशासकीय एवं अनुदान प्राप्त विद्यालयों में लंबित UDISE+ विद्यार्थी प्रोफाइल प्रविष्टियों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने कहा गया है।
निर्धारित समय-सीमा के भीतर 100 प्रतिशत एंट्री पूर्ण करने के बाद कार्यपूर्णता प्रमाण पत्र भी संचालनालय को उपलब्ध कराना अनिवार्य किया गया है।
30 सितंबर के बाद कार्रवाई के संकेत
लोक शिक्षण संचालनालय ने इसे अंतिम अवसर के रूप में लेते हुए स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण नहीं होने की स्थिति में आगे आवश्यक कार्रवाई की जा सकती है।
ऐसे में विद्यालयों एवं संबंधित अधिकारियों के लिए अब UDISE+ पोर्टल पर लंबित विद्यार्थी प्रोफाइल की जांच कर 30 सितंबर से पहले शत-प्रतिशत एंट्री पूर्ण करना प्राथमिकता बन गया है।
UDISE+ भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के अंतर्गत संचालित प्रमुख शैक्षिक प्रबंधन सूचना तंत्र है, जिसमें विद्यालय, विद्यार्थी एवं शिक्षक संबंधी महत्वपूर्ण आंकड़े दर्ज किए जाते हैं।
कृष्ण कुमार सोनी, उपसंपादक – दैनिक सरस्वती संकेत
