[the_ad id="217"]

बीएड की पढ़ाई से मना करने पर आहत महिला ने उठाया आत्मघाती कदम, बाथरूम में खुद को लगाई आग

बीएड की पढ़ाई से मना करने पर आहत महिला ने उठाया आत्मघाती कदम, बाथरूम में खुद को लगाई आग

खैरागढ़. ग्राम टेकापार खुर्द में शुक्रवार सुबह करीब 30 वर्षीय मंजू बघेल, पति अजय बघेल ने अपने घर के बाथरूम में कथित तौर पर खुद पर मिट्टी तेल छिड़ककर आग लगा ली। घटना में वह गंभीर रूप से झुलस गई। परिजन तत्काल उसे सिविल अस्पताल खैरागढ़ लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए निजी अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल उसका उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे मंजू के सास-ससुर, पति अजय और देवर सूरज रोज की तरह खेत में काम करने चले गए थे। मंजू घर में खाना बनाने के लिए रुकी थी। कुछ देर बाद देवर सूरज खाना लेने घर पहुंचा तो घर का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था। इसके बाद वह पड़ोसी की बाड़ी की दीवार कूदकर घर के भीतर पहुंचा। इसी दौरान बाथरूम से धुआं निकलता देखकर उसने आसपास मौजूद परिवार के लोगों को सूचना दी।

परिजन मौके पर पहुंचे और बाथरूम का दरवाजा तोड़कर अंदर गए तो मंजू झुलसी अवस्था में पड़ी मिली। घटना की जानकारी खेत में काम कर रहे उसके माता-पिता और पति को दी गई। परिजनों ने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर 108 एंबुलेंस के साथ 112 की टीम भी पहुंची और घायल महिला को सिविल अस्पताल खैरागढ़ पहुंचाया गया।

शिक्षिका बनने का था सपना

परिजनों के अनुसार मंजू और अजय का करीब एक वर्ष पहले प्रेम विवाह हुआ था। मंजू आगे पढ़ाई कर शिक्षिका बनना चाहती थी। उसने इसी वर्ष प्री-बीएड की परीक्षा दी थी और परिणाम आने के बाद चयन सूची में उसका नाम भी आया था। गुरुवार को ही उसने अपने पति और ससुराल पक्ष के लोगों को इसकी जानकारी देते हुए बीएड करने की इच्छा जताई थी।

मंजू के ससुर द्वारा पुलिस को दिए गए बयान के अनुसार ससुराल पक्ष ने आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए फिलहाल बीएड की पढ़ाई जारी रखने से मना किया था। बाद में पढ़ाई पूरी करने की बात कहकर उसे समझाया गया। इसके बाद मंजू ने अपने मायके में पिता को इसकी जानकारी दी। उसके पिता और अन्य परिजन ससुराल पहुंचे और उन्होंने भी मंजू को समझाइश दी कि यदि अभी ससुराल पक्ष पढ़ाई के लिए तैयार नहीं है तो पढ़ाई छोड़कर खेती-किसानी में परिवार का हाथ बंटाए।

बताया जा रहा है कि पढ़ाई और शिक्षिका बनने की इच्छा पूरी नहीं हो पाने की बात से मंजू काफी आहत थी।

घर में अकेली थी, तभी उठाया कदम

परिजनों के अनुसार शुक्रवार सुबह जब परिवार के सभी सदस्य खेत चले गए और मंजू घर में अकेली थी, उसी दौरान उसने बाथरूम में जाकर कथित तौर पर खुद पर मिट्टी तेल छिड़ककर आग लगा ली। घटना के बाद घर और आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

फिलहाल घटना के पीछे की वास्तविक परिस्थितियां पूरी तरह स्पष्ट नहीं हैं। महिला ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। आग स्वयं लगाने की घटना थी या इसके पीछे कोई अन्य पहलू है, पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। पुलिस परिजनों के बयान और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी है।

Facebook
Twitter
WhatsApp

Leave a Reply

REALTED POST
[the_ad id="242"]