खैरागढ़ में भगवान महावीर जन्मकल्याणक पर भव्य स्वास्थ्य सेवाओं का आयोजन
खैरागढ़। भगवान महावीर जन्मकल्याणक महोत्सव के पावन अवसर पर सकल जैन श्री संघ, खैरागढ़ द्वारा जिले में पहली बार व्यापक स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े विभिन्न शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन 23 मार्च से 27 मार्च 2026 तक अलग-अलग स्थानों पर किया जाएगा, जिसमें आम नागरिकों को निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
कार्यक्रम की शुरुआत 23 मार्च, सोमवार को बाफना भवन में प्रातः 7 बजे से 10 बजे तक रक्त जांच एवं सामान्य स्वास्थ्य जांच शिविर से होगी। इसके पश्चात 24 मार्च, मंगलवार को उसी स्थान पर निःशुल्क विशाल आयुर्वेदिक शिविर का आयोजन किया जाएगा, जहां पारंपरिक चिकित्सा पद्धति से लोगों का उपचार किया जाएगा।
25 मार्च, बुधवार को कुशल पैलेस में विशाल रक्तदान शिविर आयोजित होगा, जिसमें युवाओं एवं नागरिकों से बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की गई है।
27 मार्च, शुक्रवार को कुशल पैलेस में रायपुर के प्रसिद्ध रामकृष्ण केयर अस्पताल के विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा विशाल स्वास्थ्य शिविर लगाया जाएगा। इसी दिन विशेष “पिंक वैन” के माध्यम से महिलाओं के लिए ब्रेस्ट कैंसर एवं एक्स-रे स्क्रीनिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी, जो इस आयोजन का विशेष आकर्षण रहेगा।
सकल जैन श्री संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि इस महोत्सव का उद्देश्य समाज सेवा के साथ-साथ लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इन निःशुल्क सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की है।



